सकारात्मक संकल्पों से होगा पर्यावरण संरक्षण, सुख-शांति से बदलेगा विश्व : बीके अन्नपूर्णा दीदी

रिपोर्टर–प्रकाश सिसोदिया इंदौर, / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के अन्नपूर्णा नगर सेवा केंद्र द्वारा वरिष्ठ नागरिक उद्यान, अन्नपूर्णा क्षेत्र में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति लाना तथा सकारात्मक विचारों और श्रेष्ठ संकल्पों के माध्यम से शांतिपूर्ण एवं सुखमय विश्व की स्थापना का संदेश देना था।इस अवसर पर अन्नपूर्णा सेवा केंद्र की संचालिका बीके अन्नपूर्णा दीदी ने कहा कि प्रकृति हमारे मन से निकलने वाले संकल्पों और भावनाओं को अनुभव करती है। इसलिए हमें प्रतिदिन यह संकल्प लेना चाहिए कि अपने घर और आसपास के पेड़-पौधों को शुद्ध एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यदि हमें सुखी संसार का निर्माण करना है तो सबसे पहले स्वयं को सुख और शांति का अनुभव करना होगा। जब व्यक्ति स्वयं शांत और संतुष्ट होगा, तभी उसका परिवार, समाज और संपूर्ण विश्व सुख-शांति की दिशा में आगे बढ़ेगा।मुख्य अतिथि आईसीसीआई, दिल्ली के डायरेक्टर मनोज शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रकृति हमारी मां के समान है और आज हमारी मां को हमारी देखभाल की आवश्यकता है। हमारा संपूर्ण जीवन प्रकृति पर आधारित है तथा यही हमें प्रेमपूर्वक पोषण प्रदान करती है। इसलिए पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पर्यावरण प्रकल्प के जिला कार्यवाहक मनीष जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। हमें निरंतर ऐसे उपाय अपनाने चाहिए जिनसे पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।डॉ. रूचि भसीन ने कहा कि एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है। जिस प्रकार हम अपने बच्चों की देखभाल करते हैं, उसी प्रकार हमें पेड़-पौधों का भी संरक्षण और संवर्धन करना चाहिए। वरिष्ठ नागरिक केंद्र के अध्यक्ष ने भी उपस्थित सभी नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं प्रदान कीं।कार्यक्रम के दौरान बीके अंजू दीदी ने सभी को राजयोग मेडिटेशन एवं योग की सुंदर अनुभूति कराई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं रिचा मित्तल उपस्थित नागरिकों ने वृक्षारोपण किया तथा ईश्वरीय सौगात के रूप में पौधों का वितरण किया गया। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं प्रकृति की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।कार्यक्रम का सफल संचालन बीके दुर्गा बहन द्वारा किया गया।