चारगांव पंचायत के झांकी में रतनजोत के बीज खाने से 4 छात्राएं बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती, सभी बच्चे अब खतरे से बाहर

*छिंदवाड़ा उमरेठ, 04 अक्टूबर 2026। जनशिक्षा केंद्र कन्हरगांव के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चारगांव के ग्राम झांकी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में आज एक बड़ी घटना सामने आई। स्कूल के शिक्षक राजू पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि छुट्टी के कुछ समय बाद बच्चे शाला परिसर में घूमने निकले थे, इस बीच यह घटना घटित हुई। कुछ बच्चों ने रतनजोत यानी कि चंदरजोत के बीज का सेवन कर लिया था जिससे बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पौधे के बीज खाने से मदहोश और नशा जैसा असर होता है, बच्चों को उल्टी दस्त और घबराहट जैसी अनेक समस्याएं होने लगी। ऐसी स्थिति में स्कूल के शिक्षण स्टाफ ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए बिना देरी किए 108 की मदद से बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया और उनकी जान बचाने का पूरा प्रयास किया। समय पर इलाज मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई। बीमार छात्राओं में प्रांजल पिता सुरेश धुर्वे, हर्षिता पिता दिलीप धुर्वे, राजनंदनी पिता मुकेश और प्राची शामिल हैं, सभी की उम्र लगभग 8 वर्ष है। वहां इलाज के उपरांत सभी बच्चे अब खतरे से बाहर हैं, शिक्षकों की इस तत्परता की ग्रामीणों और परिजनों ने भी सराहना की है।