पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : सांसद बंटी विवेक साहू

छिंदवाड़ा।* कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने स्पष्ट कहा कि जिले में पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता सांसद बंटी विवेक साहू ने की जबकि कलेक्टर हरेंद्र नारायण सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अल्प वर्षा के कारण उत्पन्न संभावित जल संकट को लेकर गहन चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि इस वर्ष कम बारिश के चलते जिले के कई बांध और तालाबों में जल स्तर सामान्य से कम है इसलिए आगामी ग्रीष्म ऋतु में आम नागरिकों को पेयजल की समस्या न हो इसके लिए अभी से ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने जिले के सभी जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उनकी साफ सफाई गहरीकरण और रखरखाव के निर्देश दिए। सांसद ने जिला पंचायत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सिंचाई विभाग और जल जीवन मिशन सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी सामंजस्य बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए। जन कल्याण के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं जिस पर सांसद ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके विधायक कमलेश शाह सोहन वाल्मीक चौधरी सुजीत सिंह जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे लखन वर्मा ज्योति डेहरिया नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे विनोद मालवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।