फिर मिला खेत की मेड़ पर एक और नवजात शिशु, फैली सनसनी

नरेन्द्र राय रायसेन बेगमगंज/रायसेन।रायसेन जिले के बेगमगंज तहसील में एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोइया से खामखेड़ा मार्ग पर मक्का के खेत की मेड़ पर एक जिंदा नवजात शिशु मिला है। नवजात शिशु के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुल्तानगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खामखेड़ा से मोइया जाने वाली सड़क किनारे खेत के पास से कुछ लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत की मेड़ से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।

लोगों ने पास जाकर देखा तो मक्का के खेत की मेड़ पर एक नवजात पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल खेत मालिक और सुल्तानगंज पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया कि पुलिस कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात को तत्काल अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बेगमगंज पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ देवेन्द्र मीणा ने नवजात का परीक्षण किया। डॉक्टर के अनुसार नवजात का वजन करीब 1 किलो 200 ग्राम है।

प्राथमिक जांच में हालत ठीक पाई गई।बेहतर उपचार के लिए प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को 108 एंबुलेंस से सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर तहसीलदार देवेन्द्र शुक्ला भी अस्पताल पहुंचे।थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नवजात को मेड़ पर कौन छोड़ गया, पुलिस इसकी तलाश कर रही है।