नेपा मिल के वर्किंग कैपिटल के लिए सांसद के प्रयास तेज हुई महत्वपूर्ण बैठक

* रमाकांत मोरे * व्यावसायिक मजबूती की कवायद तेज, सुधरती स्थिति पर सांसद ने जताया संतोष* सीएमडी नरेश सिंह,श्रमिको व मैनेजमेंट के सामूहिक प्रयासों की सराहना बैठक में भविष्य के रोडमैप पर हुई चर्चाबुरहानपुर। संकट के दौर से गुजर चुकी नेपानगर की ऐतिहासिक नेपा लिमिटेड मिल को दोबारा शुरू कराने के बाद अब सांसद ज्ञानेश्वर पाटील इसे पूरी व्यावसायिक मजबूती देने के प्रयासों में जुट गए हैं। मंगलवार को मिल के सीएमडी, अधिकारियों व कर्मचारी संघ के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सांसद ने नेपा लिमिटेड की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और भविष्य की आगामी योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि मिल को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) दिलाने के प्रयास वे पहले से ही लगातार कर रहे हैं। इस आवश्यकता को पूरा कराने के लिए वे बहुत जल्द मिल के आला अफसरों और श्रमिक-कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। *सामूहिक प्रयासों को सराहा* बैठक में मिल की वर्तमान प्रगति और सुदृढ़ स्थिति का ब्यौरा मिलने पर सांसद पाटील ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने मिल को संकट से उबारकर बेहतर स्थिति में लाने के लिए नेपा लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नरेश सिंह ,कर्मचारियों सहित पूरी मैनेजमेंट टीम की सराहना की। सांसद ने कहा कि टीम ने जिस इच्छाशक्ति व आपसी समन्वय से काम किया है, उसी का नतीजा है कि आज मिल प्रबंधन और उत्पादन व्यवस्था में इतना बड़ा सुधार आया है। *भविष्य की कार्ययोजना पर फोकस, दिल्ली में रखेंगे पक्ष* सांसद ने कहा कि हमारे सतत प्रयासों से मिल में आधुनिकीकरण का काम पूरा होने के बाद उत्पादन शुरू हो चुका है, और अब अगला लक्ष्य इसे वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए भावी योजनाओं का खाका तैयार किया गया है। आगामी दिल्ली दौरे में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री के समक्ष वर्किंग कैपिटल का पक्ष बेहद मजबूती से रखा जाएगा ताकि फंड की कमी के कारण मिल के संचालन और भविष्य के विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में नेपा मिल क्षेत्र के ग्रामीण व आदिवासी अंचल के रोजगार की मुख्य रीढ़ है।इस दौरान निदेशक वित्त पी.जे.एम. डिक्सन, सांसद प्रतिनिधि सौजन्य तिवारी, नेपा ऑफिसर्स स्टाफ एसोसिएशन के सचिव संजय पवार, रामकृष्ण अग्रवाल, फिरोज खान,आदित्य प्रजापति एवं जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे सहित मिल के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।