धुंधड़का में कृष्ण जन्माष्टमी पर उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे

धुंधड़का। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर धुंधड़का गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूरे गांव में दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया।शोभायात्रा का शुभारंभ राधा-कृष्ण मंदिर माली समाज से हुआ। इसमें भगवान श्रीकृष्ण को सिर पर धारण कर गुड्डू माली (चावला जी) ने भगवान वासुदेव का किरदार निभाया। श्रीकृष्ण के मनमोहक स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए देर रात तक भ्रमण करती रही।

इस दौरान युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और फूलों की वर्षा के बीच मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी मनाई।रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय शोभायात्रा पुनः राधा-कृष्ण मंदिर माली समाज पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना कर आरती की। इसके बाद मंदिर परिसर में महा प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।जन्माष्टमी के पूरे आयोजन में गांव में उमड़े जनसैलाब ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।
