कन्हरगांव चौकी प्रभारी बलवंत सिंह टेकाम सरलता और सख्ती की मिसाल

*उमरेठ / कन्हरगांव।* उमरेठ थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हरगांव पुलिस चौकी प्रभारी श्री बलवंत सिंह टेकाम अपनी सरल कार्यशैली और मानवीय व्यवहार के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक युवा और ऊर्जावान अधिकारी के रूप में उन्होंने कम समय में ही जनता के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाई है।हाल ही में कन्हरगांव पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में पति पत्नी के बीच पारिवारिक मतभेद के चलते विवाद की स्थिति बनी थी और मामला शिकायत के रूप में चौकी पहुंचा था। ऐसे संवेदनशील मामलों में अक्सर परिवार टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं लेकिन चौकी प्रभारी श्री टेकाम ने इस मामले को अपनी सूझबूझ से संभाला। उन्होंने दोनों पक्षों को अपनी सरल और सहज भाषा में बैठाकर समझाइश दी और जीवन में आपसी सामंजस्य और परिवार के महत्व को समझाया। उनकी समझाइश का असर यह रहा कि दोनों पक्षों ने विवाद को समाप्त कर फिर से अपनी पारिवारिक जिंदगी खुशी खुशी शुरू करने का फैसला लिया।चौकी प्रभारी श्री बलवंत सिंह टेकाम जितने सरल और सीधे स्वभाव के हैं उतने ही कार्रवाई के मामले में सख्त भी हैं। यह उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है। वे कानून को हाथ में लेने वाले और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ मिलने वाली हर शिकायत की विवेचना स्वयं करते हैं। जांच पड़ताल में मामला सही पाए जाने पर वे बिना किसी दबाव के नियमानुसार सख्त और सत्य कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटते।उनकी यही नीति है कि जनहित और पारिवारिक शिकायतों में पहले समझाइश और जागरूकता और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई। उनकी यह कार्यप्रणाली पुलिस प्रशासन की छवि को और अधिक मानवीय, न्यायप्रिय और भरोसेमंद बनाती है। आज के समय में जहाँ पुलिस को लेकर कई तरह की धारणाएं बन जाती हैं वहीं श्री टेकाम जैसे युवा अधिकारी यह संदेश दे रहे हैं कि पुलिस केवल कार्रवाई का नाम नहीं बल्कि जागरूकता, सुरक्षा और समाज को जोड़ने का भी नाम है।निश्चित रूप से उमरेठ थाना और कन्हरगांव क्षेत्र को श्री बलवंत सिंह टेकाम के रूप में एक कर्तव्यनिष्ठ,संवेदनशील और जनहितैषी युवा अधिकारी मिला है। क्षेत्र के लोगों में भी उनके प्रति सम्मान और विश्वास लगातार बढ़ रहा है जो पुलिस और जनता के बीच मजबूत संबंध की नींव है।