बालक आश्रम में बच्चों से मारपीट की शिकायत, अधीक्षक रतिलाल तायड़े की सेवा समाप्त

शकील खान मनावर से मनावर। जिला धार ।।
शासकीय अनुसूचित जाति बालक आश्रम सारोला के निरीक्षण के दौरान बच्चों से मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की शिकायत सामने आने के बाद विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला बुरहानपुर के सहायक आयुक्त भरत जांचपुरे ने आदेश जारी कर आश्रम के अधीक्षक श्री रतिलाल तायड़े की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है।जारी आदेश के अनुसार, आश्रम के निरीक्षण के दौरान बालक द्वारा अधीक्षक रतिलाल तायड़े के विरुद्ध शिकायत की गई थी कि वे आश्रम के बच्चों से मारपीट करते हैं तथा गाली-गलौज करते हैं। बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार नहीं करने की समझाइश दिए जाने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। आदेश में उल्लेख किया गया है कि उनके द्वारा आश्रम के बच्चों से मारपीट किए जाने से एक बालक के हाथ में गंभीर चोट आई थी।विभागीय आदेश में यह भी कहा गया है कि रतिलाल तायड़े द्वारा बार-बार दिए गए निर्देशों की अवहेलना की गई तथा बच्चों के साथ कथित रूप से क्रूरता की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया। यह आदेश जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास, जिला बुरहानपुर के सहायक आयुक्त भरत जांच पूरे द्वारा 21 अगस्त 2026 को जारी किया गया।