ओटा के स्कूल में लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

।। रिपोर्टर नवीन रायली द्वारा कसरावद निप्र । ग्राम पंचायत बड़गांव के ग्राम ओटा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कथित लापरवाही, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में अनियमितता तथा गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मंगलवार को ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम अनिल जैन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक-शिक्षिका निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार शिक्षकों का व्यवहार भी गैर जिम्मेदाराना है और पालकों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। पालकों द्वारा शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाने पर उनके खिलाफ डायल-112 पर शिकायत कर कार्रवाई करवाने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। इससे ग्रामीणों में शिक्षकों के प्रति असंतोष है। *मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी सवाल* विद्यालय में मध्यान्ह भोजन को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

उनका कहना है कि विद्यालय के किचन में भोजन तैयार करने के बजाय घर से बनाकर भोजन लाया जाता है। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने के आरोप भी लगाए गए हैं। *सड़क, नाली और पेयजल की समस्या* ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम ओटा में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। नाली निर्माण नहीं होने से जगह-जगह गंदा पानी और कीचड़ जमा रहता है। गांव में एक भी सीसी सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। *पेयजल की समस्या भी गंभीर बताई गई है।* ग्रामीणों के अनुसार गांव में केवल दो हैंडपंप हैं, जिनमें से एक हैंडपंप के आसपास गंदा पानी जमा रहता है। इसके चलते उसका पानी पीने योग्य नहीं होने की बात ग्रामीणों ने कही। पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने एसडीएम अनिल जैन से विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था एवं मध्यान्ह भोजन की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही ग्राम ओटा में नाली, सीसी सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष सुनील चौहान, अर्जुन बड़ोले, विक्रम बड़ोले, कृष्ण गोपाल राव, दिनेश चौहान, मनीष डावर, राजू कुशवाह एवं राजेंद्र कोगे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।