सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस के बाद अब विद्यार्थियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग,एजुकेशन:कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर होगी दर्ज
नरेन्द्र राय रायसेन

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस के बाद अब विद्यार्थियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग,एजुकेशन:कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर होगी दर्ज; सितंबर से अनिवार्य होगी व्यवस्थारायसेन।सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने के बाद अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर विद्यार्थियों की ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति की निगरानी करना और स्कूलों में उपस्थिति का वास्तविक रिकॉर्ड तैयार करना है।लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल ने 28 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था शुरू करने के लिए कहा था। इसके बाद सरकारी स्कूलों में प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की स्थिति के अनुसार उपस्थित, अनुपस्थित या अवकाश पर होने की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करेंगे। प्रत्येक सेक्शन के विद्यार्थियों की उपस्थिति अलग-अलग दर्ज की जाएगी।अगस्त में ट्रायल, सितंबर से अनिवार्य….जिला शिक्षा विभाग के अनुसार अगस्त माह में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था का ट्रायल चलेगा। इसके बाद सितंबर से इसे अनिवार्य किया जाएगा। इससे स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों की उपस्थिति का ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और अधिकारी भी इसकी मॉनिटरिंग कर सकेंगे।बोर्ड परीक्षा के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी…कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों के लिए बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। पिछले कुछ वर्षों में नियमित विद्यार्थियों की संख्या में कमी को देखते हुए विभाग ने इस बार उपस्थिति पर विशेष जोर दिया है। विभाग ने विद्यार्थियों की उपस्थिति का लक्ष्य 95 प्रतिशत तक रखने की तैयारी की है।अब नहीं चलेगा कागजी रिकॉर्ड…ऑनलाइन अटेंडेंस शुरू होने के बाद विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड केवल रजिस्टर तक सीमित नहीं रहेगा। पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर अधिकारी स्कूलवार और विद्यार्थीवार उपस्थिति की निगरानी कर सकेंगे। इससे लंबे समय तक स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी।ऐसा होगा सिस्टम…..एजुकेशन पोर्टल 3.0 में स्टूडेंट मैनेजमेंट के अंतर्गत स्टूडेंट अटेंडेंस ऑप्शन में संबंधित कक्षा के सभी छात्र छात्राओं की सूची जारी होगी। कक्षा शिक्षक को हरेक छात्र की स्थिति के अनुसार उपस्थित अनुपस्थिति या फिर अवकाश दर्शाना होगा। प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों के क्लॉस में आने के बाद टीचर ऑन लाइन अटेंडेंस दर्ज करेंगे। प्रत्येक सेक्शन के विद्यार्थियों की उपस्थिति अलग अलग दर्ज करना होगा।इनका कहना है….जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। ऑनलाइन उपस्थिति से विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।