वृक्ष केवल प्रकृति का श्रृंगार नहीं, जीवन का आधार हैं : रमनलाल कुशवाह

सुरज दहे/ ईको क्लब एवं मिशन लाइफ 2026 के तहत शासकीय हिंदी माध्यमिक शाला जैनाबाद में वृक्षारोपण, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी का सम्मानजैनाबाद। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शासकीय हिंदी माध्यमिक शाला जैनाबाद में ईको क्लब एवं मिशन लाइफ 2026 के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी श्री रमनलाल कुशवाह मुख्य अतिथि तथा श्री डिगंबर कुशवाह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शाला परिवार द्वारा शाला परिसर में पौधारोपण किया गया। मुख्य अतिथि श्री रमनलाल कुशवाह ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का श्रृंगार नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। शुद्ध वायु, जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं जैव विविधता के संरक्षण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है

। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य का संदेश है। इसलिए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर शाला परिवार की ओर से श्री रमनलाल कुशवाह को उनकी सामाजिक एवं साहित्यिक सेवाओं के लिए शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी पुस्तक ‘मैं शब्द बेचता हूँ’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुस्तक में परिवार एवं समाज को जोड़ने, मानवीय संवेदनाओं को जागृत करने तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली अनेक रचनाएं शामिल हैं। उन्होंने इस अवसर पर अपनी एक कविता का भावपूर्ण वाचन भी किया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों एवं शाला परिवार ने सराहा।विशेष अतिथि श्री डिगंबर कुशवाह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में हरिचंद सिरतुरे, अनंत पंसारी, नीना नामदेव, किरण काले, संतोष निम्भोरे, श्रीकृष्ण महाजन, विठ्ठल कुशवाह, चारुलता जोशी, विजय वसाने, मदन मौर्य, संगीता जुनेजा, संतोष कुशवाह, प्रमोद महाजन, कल्पना जोशी एवं सीमा जाधव सहित शाला परिवार के सदस्य एवं बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने “वृक्ष लगाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित बनाएं” का संकल्प लिया।