मंछामन मल्टी में मजदूर की मौत पर कांग्रेस का हंगामानिर्माण एजेंसी पर FIR की मांग, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन; शहर के सभी मजदूरों का ₹25 लाख बीमा कराने की उठाई आवाज

SJ NEWS | उज्जैन | इरफान अंसारी /उज्जैन के मंछामन आवासीय मल्टी में निर्माण कार्य के दौरान चौथी मंजिल से गिरकर 21 वर्षीय मजदूर बबलू पिता गुलाब की मौत के मामले में कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार 7 अगस्त को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण एजेंसी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की।कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि 5 अगस्त 2026 को निर्माणाधीन मंछामन मल्टी की चौथी मंजिल पर काम करते समय मजदूर बबलू की गिरने से मौत हुई। मल्टी का निर्माण जयपुर की फर्म लीना इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है।सुरक्षा व्यवस्था और श्रम नियमों पर सवालडॉ. रवि राय ने सवाल उठाया कि निर्माण स्थल पर श्रम नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं, साथ ही मृतक के PF, ESI, श्रम विभाग में पंजीयन, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और घटना के समय इंजीनियर अथवा सुपरवाइजर की मौजूदगी को लेकर भी जवाब मांगा गया।कांग्रेस पार्षदों ने निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मजदूरों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।FIR नहीं हुई तो निगम गेट पर धरने की चेतावनीज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने मृतक मजदूर को दो मिनट की श्रद्धांजलि दी और नारेबाजी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया गया तो निगम गेट पर पार्षदों के साथ धरना दिया जाएगा।साथ ही उज्जैन में विकास कार्यों में लगे सभी मजदूरों का मध्य प्रदेश शासन की ओर से ₹25 लाख का बीमा कराने की मांग भी की गई।कांग्रेस का दावा—निर्माण कार्यों में यह चौथी मौतकांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा में लापरवाही के कारण यह लगातार चौथी मजदूर मौत है। कांग्रेस के अनुसार, जनवरी 2026 में सिंहस्थ से जुड़े ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान करीब 50 फीट ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर की सरियों के नीचे दबने से मौत हुई थी।मार्च 2026 में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान करंट लगने से एक श्रमिक की मौत का मामला सामने आया था। वहीं, शिप्रा नदी किनारे सिंहस्थ घाटों के निर्माण के लिए खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो चुकी है।इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद माया राजेश त्रिवेदी और सपना जितेन्द्र सांखला ने भी संबोधित किया।ये पार्षद रहे मौजूदज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. रवि राय के साथ माया राजेश त्रिवेदी, नाजिया कुरैशी, सपना जितेन्द्र सांखला, नजमा बी फिरोज पठान, हाजरा बी जाहिद हुसैन, छोटेलाल मंडलोई, इमरान खान, अर्पित दुबे, निकिता परमानंद मालवीय, शाहीन मुजीब सुपारी वाला, रुखसाना बी अनवर नागौरी और शमशाद मेहताब लाला सहित कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे।