गायत्री शक्तिपीठ में वैदिक विधि से सामूहिक शिवाभिषेक शिवभक्ति में उमड़ा आस्था का सैलाब

शकील खान मनावर, जिला धार। श्रावण मास के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ, मनावर में विगत चार वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे सामूहिक शिवाभिषेक का क्रम इस वर्ष भी पूरे वैदिक विधि-विधान एवं ऋषि परंपरा के अनुरूप संपन्न हो रहा है। पंडित राकेश पुरोहित के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सावन के प्रथम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान शिव का अभिषेक किया।

श्रावण मास के पहले सोमवार को प्रातः से ही गायत्री शक्तिपीठ में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने शिवलिंग पर दुग्ध, जल एवं पूजन सामग्री अर्पित कर विधिवत शिवाभिषेक किया तथा विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की सामूहिक प्रार्थना की।गायत्री शक्तिपीठ ट्रस्ट, मनावर द्वारा इस वर्ष सामूहिक शिवाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को केवल अपना छोटा शिवलिंग लेकर सपरिवार उपस्थित होना होता है,

जबकि पूजन एवं आयोजन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस व्यवस्था से बड़ी संख्या में परिवार श्रावण मास के पुण्य पर्व पर सामूहिक शिवाभिषेक का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।पंडित राकेश पुरोहित ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक श्री योगेश मालवीय एवं ट्रस्ट समिति द्वारा गायत्री बस्ती सहित समस्त मनावर नगर और गायत्री परिवार के सभी परिजनों को सामूहिक शिवाभिषेक में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की जनशताब्दी वर्ष की गतिविधियों से भी जुड़ा हुआ है। इसके माध्यम से परिजनों को चिंतन, साधना, स्वाध्याय और सत्संग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि समाज में सद्भाव, नैतिकता एवं सकारात्मक विचारों का प्रसार हो तथा मनुष्य कुविचारों और दुर्भावनाओं से दूर रहकर आध्यात्मिक जीवन की ओर अग्रसर हो सके।