‘सृजन संवाद’ में विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति की जानकारी

SJ NEWS उज्जैन | इरफान अंसारी उज्जैन। मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘सृजन संवाद’ अभियान के तहत 6 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजवाड़ा क्रमांक-1, पुलिस लाइन नागझिरी में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/पूर्व) आलोक शर्मा एवं रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। सूबेदार स्वामी कामले और उप निरीक्षक आरती डाबर ने विद्यार्थियों को कानून, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, BNS, BNSS, पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम तथा महिला-बाल सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया। साइबर अपराध होने पर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा चोरी या गुम मोबाइल को ब्लॉक एवं ट्रेस कराने के लिए CEIR पोर्टल की जानकारी भी दी गई।इसके अलावा सड़क सुरक्षा, हेलमेट-सीट बेल्ट, नशे के दुष्परिणाम, FIR एवं Zero FIR, CCTNS, डायल-112, महिला सहायता डेस्क और बाल कल्याण पुलिस अधिकारी (CWPO) की भूमिका के बारे में भी विद्यार्थियों को समझाया गया।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अपराध, समस्या या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना भय और संकोच के पुलिस से संपर्क करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पुलिस टीम से विभिन्न सवाल पूछे, जिनका सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया।‘सृजन संवाद’ का उद्देश्य पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास बढ़ाने, विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में संवाद स्थापित करना है।SJ NEWS उज्जैन | इरफान अंसारी
