एसजे न्यूज़ उज्जैन हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान नागझिरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 क्विंटल 34 किलो डोडाचूरा जब्त

इरफान अंसारी उज्जैन/ उज्जैन जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए थाना नागझिरी पुलिस ने हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। दुर्घटनाग्रस्त महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप से प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 2 क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। जब्त मादक पदार्थ एवं वाहन सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है।पुलिस के अनुसार, लालपुर-गरोठ हाईवे पर गश्त के दौरान धतरावदा से लालपुर मार्ग पर एक बोलेरो मैक्स पिकअप सड़क से नीचे नाले में दुर्घटनाग्रस्त मिली। वाहन की जांच में पीछे नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि आगे PB11DN-2621 नंबर अंकित था।

तिरपाल हटाकर तलाशी लेने पर ऊपर प्याज के कट्टे मिले, लेकिन उनके नीचे छिपाकर रखे गए 8 प्लास्टिक के बोरों में डोडाचूरा बरामद हुआ।सभी बोरों का वजन करने पर कुल 2 क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई। परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स पिकअप सहित कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।थाना नागझिरी पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।