महापौर मुकेश टटवाल ने पैदल भ्रमण कर महाकाल सवारी मार्ग की तैयारियों का लिया जायजा

SJ NEWS उज्जैनरिपोर्ट: इरफान अंसारी / उज्जैन। बाबा महाकाल की प्रथम सवारी को लेकर नगर निगम द्वारा सवारी मार्ग पर की जा रही तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को महापौर मुकेश टटवाल ने महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होने वाले संपूर्ण सवारी मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, सड़क व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि बाबा महाकाल की सवारी उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। इस वर्ष नवनिर्मित एवं चौड़े किए गए मार्ग से पहली बार सवारी निकलेगी, जिससे इसका स्वरूप और अधिक भव्य एवं अलौकिक दिखाई देगा।

उन्होंने बताया कि रामानुजकोट से रामघाट तथा सत्यनारायण मंदिर से ढाबा रोड होते हुए छत्री चौक तक किए गए चौड़ीकरण कार्य के बाद पहली बार बाबा महाकाल की सवारी इन मार्गों से होकर गुजरेगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और सवारी अधिक सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सवारी से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान, कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।