बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं का ताप्ती सेवा समिति ने किया भव्य स्वागत

डॉक्टर प्रवीण पाटिल बुरहानपुर। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच बाबा अमरनाथ के पावन दर्शन कर सकुशल लौटे श्रद्धालुओं का ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। वातावरण शिवभक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा।बुरहानपुर की अमरनाथ सेवा समिति पिछले 29 वर्षों से निरंतर श्रद्धालुओं की निःस्वार्थ सेवा कर रही है। समिति प्रत्येक वर्ष बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीयन, आवश्यक मार्गदर्शन तथा न्यूनतम खर्च में यात्रा की संपूर्ण व्यवस्था कराती है। इस सेवा भाव के कारण अब तक हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पावन दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर चुके हैं।इस वर्ष भी समिति के प्रमुख सेवाभावी सदस्य योगेंद्र शाह, जयंत मुंशी, चेतन शाह, तरुण शाह एवं रंजीत ढाक स्वयं यात्रा में शामिल हुए तथा लगभग 300 श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से बाबा अमरनाथ के पावन दर्शन कराकर सकुशल वापस लेकर आए। समिति का यह समर्पण सामाजिक सेवा एवं धार्मिक आस्था का प्रेरणादायी उदाहरण है।अमरनाथ यात्रा भारत की सबसे पवित्र शिव यात्राओं में से एक मानी जाती है।

यात्रा के लिए पूर्व पंजीयन, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र एवं सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य होता है तथा प्रशासन एवं श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए जाते हैं।ताप्ती सेवा समिति की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में समिति की अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत ने कहा कि “जो श्रद्धालुओं की सेवा करता है, वह वास्तव में भगवान शिव की सेवा करता है। अमरनाथ सेवा समिति के सभी सेवाभावी साथियों ने वर्षों से निस्वार्थ भाव से जो कार्य किया है, वह पूरे बुरहानपुर के लिए गौरव का विषय है।”इस अवसर पर धर्मेंद्र सोनी, मोहन दलाल, राजकुमार बच्छवानी, जेकी चड्ढा, नंदकिशोर वाणे, डॉ. युसूफ खान, राजेश भगत, देवचंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं एवं शॉल पहनाकर यात्रियों का सम्मान किया तथा बाबा बर्फानी से समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।कार्यक्रम का समापन “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ।