उज्जैन 4 महीने से नहीं मिली ₹600 की पेंशन, निराश्रित, बुजुर्ग और विकलांग परेशान

SJ NEWS । शहर के निराश्रित, बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा महिलाओं को पिछले चार महीनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।रवि राय ने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन समाज के सबसे जरूरतमंद वर्ग की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के अनुदान से मिलने वाली ₹600 प्रतिमाह पेंशन पिछले चार महीनों से लाभार्थियों के खातों में नहीं पहुंची है।उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित होने के प्रमाण पत्र, केवाईसी, बैंक संबंधी औपचारिकताओं और भौतिक सत्यापन के नाम पर पेंशनधारकों को बार-बार परेशान किया जा रहा है। कई मामलों में इन्हीं कारणों से पेंशन रोक दी गई है।रवि राय ने कहा कि अब यदि पेंशन जारी भी की जा रही है तो केवल एक महीने की राशि ही दी जा रही है, जबकि पिछले तीन महीनों की पेंशन का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का बजट केंद्र और राज्य सरकार दोनों के स्तर पर प्रावधानित है, इसके बावजूद जरूरतमंदों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है।नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से लंबित पेंशन राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने और पेंशनधारकों को अनावश्यक प्रक्रियाओं के नाम पर परेशान न करने की मांग की।