गुना मौसम अपडेट: 27 से 31 जुलाई के बीच मानसून होगा मेहरबान

, कई दौर की अच्छी बारिश के आसारबंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर घर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके 27 जुलाई को पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पार करने के बाद छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य भारत की ओर बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर पश्चिम राजस्थान पर भी एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के साथ मध्य भारत के ऊपर बना ईस्ट-वेस्ट शियर ज़ोन और सक्रिय मानसून ट्रफ पूरे मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को तेज करने वाले हैं।आईएमडी के अनुसार मानसून ट्रफ वर्तमान में पश्चिम राजस्थान के निम्न दबाव क्षेत्र से शुरू होकर उरई (उत्तर प्रदेश), सीधी (मध्य प्रदेश), रांची (झारखंड) और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के केंद्र तक गुजर रही है। इसके बाद यह उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ती है। हालांकि गुना ट्रफ की मुख्य धुरी पर नहीं है, लेकिन इसके दक्षिणी हिस्से में स्थित होने के कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और दोनों निम्न दबाव प्रणालियों का प्रभाव जिले पर अच्छी तरह पड़ेगा।मौसम विभाग तथा विभिन्न मौसम एजेंसियों के पूर्वानुमान के अनुसार गुना में 27 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। 28 से 30 जुलाई के बीच सबसे प्रभावी दौर रहने की संभावना है, जब रुक-रुककर मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।कुल मिलाकर, 27 से 31 जुलाई के बीच गुना जिले में मानसून का मजबूत दौर बनने के संकेत हैं। यदि बंगाल की खाड़ी का गहरा अवदाब अनुमानित मार्ग पर आगे बढ़ता है, तो गुना सहित अशोकनगर, शिवपुरी, राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी एवं व्यापक वर्षा दर्ज हो सकती है।