उज्जैन गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई, 9 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

SJ NEWS इरफान अंसारी| उज्जैन। शहर को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम विभिन्न वार्डों में नागरिकों, दुकानदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा देने के लिए जागरूक कर रही है।समझाइश के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, खुले में कचरा फेंकने, कचरे का पृथक्करण नहीं करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए 9 हजार रुपये से अधिक का स्पॉट फाइन वसूला गया।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित वाहनों में ही दें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।