सड़कों पर दिखेगा पुलिस का नया तेवर: गुना में ‘चीता’ बाइकों का मेकओवर, सायरन और फ्लैश लाइट से लैस होकर भरेंगी फर्राटा


गुना | शहर में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर एक विशेष पहल की गई। पुलिस विभाग की आधा दर्जन से अधिक ‘चीता’ पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलों को आधुनिक सुविधाओं के साथ मॉडिफाई किया गया, जिसका पुलिस अधीक्षक (एसपी) हितिका वासल ने बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद एसपी ने सभी हाईटेक बाइकों को हरी झंडी दिखाकर शहर में गश्त के लिए रवाना किया।
एसपी श्रीमती वासल ने बताया कि आज पुलिस टीम द्वारा कुल ८ चीता गाड़ियों को मॉडिफाई करवाया गया है। इन वाहनों में आधुनिक सायरन, विशेष लाइटिंग और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन बदलावों के बाद अब शहर में पुलिस की पेट्रोलिंग का एक अलग ही रूप दिखाई देगा, जिससे अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा। इस गरिमामयी अवसर पर जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।