ऑपरेशन “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के तहत ज्ञान सागर ग्लोबल एकेडमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उज्जैन SJ NEWS मध्यप्रदेश इरफान अन्सारी / उज्जैन | इरफान अंसारी की रिपोर्टपुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित ऑपरेशन “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस उज्जैन द्वारा ज्ञान सागर ग्लोबल एकेडमी में व्यापक नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान उपनिरीक्षक श्रेया विश्वकर्मा एवं जिला पुलिस उज्जैन की आईटी सेल की टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों, मादक पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।विद्यार्थियों को शराब, गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, सिंथेटिक ड्रग्स, तंबाकू,

गुटखा, ई-सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। साथ ही बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालती है।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उन्हें नशा संबंधी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, खेल और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को “नशे से दूरी है ज़रूरी” का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर “नशा मुक्त समाज – स्वस्थ समाज” तथा “युवा शक्ति – नशा मुक्त शक्ति” जैसे संदेशों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया।जिला पुलिस उज्जैन ने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। जिले में यह अभियान विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में निरंतर जारी रहेगा।