नगर परिषद शाहपुर की अनोखी पहल: “हर घर कपड़े की थैली” अभियान की शुरुआत

रमाकांत मोरे शाहपुर, बुरहानपुर/ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद शाहपुर ने एक और नई और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों को देखते हुए नगर परिषद ने “हर घर कपड़े की थैली” अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान का शुभारंभ शहर के *वार्ड क्रमांक 6 एवं वार्ड क्रमांक 15* से किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को रोजमर्रा की खरीदारी में कपड़े की थैली का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना और शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाना है। नगर परिषद का मानना है कि छोटे-छोटे कदमों से ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है।इस अभियान के तहत नगर परिषद की टीम घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार को 2 निःशुल्क कपड़े की थैली वितरित कर रही है। साथ ही *नगर परिषद द्वारा आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं को भी कपड़े की थैलियां वितरित की गईं*, ताकि वे सिंगल उपयोग की जाने वाली पॉलीथिन का उपयोग बंद करके स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकें।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाना और नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।

अध्यक्ष महोदया का वक्तव्य*इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष *श्रीमती साधना वीरेंद्र तिवारी* ने कहा: “हमारा लक्ष्य शाहपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है। प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को देखते हुए हमने यह तय किया है कि अब हर घर में कपड़े की थैली का उपयोग अनिवार्य किया जाएगा। इसी कड़ी में आज आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्व सहायता समूह की बहनों को भी थैलियां देकर सम्मानित किया गया है। वार्ड 6 और 15 से शुरू हुए इस अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा।”*CMO श्री दिलीप चौहान का वक्तव्य*नगर परिषद के *मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिलीप चौहान* ने कहा: “स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत यह अभियान चलाया जा रहा है। हमारी टीम डोर-टू-डोर जाकर लोगों को कपड़े की थैली दे रही है। साथ ही समाज की रीढ़ मानी जाने वाली आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्व सहायता समूह की महिलाओं को भी थैलियां वितरित की गई हैं, जिससे यह संदेश हर घर तक पहुंचे। आने वाले समय में पूरे शाहपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा।”कार्यक्रम के दौरान *वार्ड 15 के पार्षद श्री पवन बड़ोले*, नगर परिषद के कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना की।