अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी प्रदीप शर्मा की सख्त समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

| उज्जैन रिपोर्ट: इरफान अन्सारी,उज्जैन। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा के लिए पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में विस्तृत क्राइम समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर-पश्चिम) गुरु प्रसाद पाराशर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर-पूर्व) आलोक शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षकगण एवं जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान एसपी ने सभी अनुभागों एवं थानों की अपराधवार समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों, गंभीर प्रकरणों की विवेचना, अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी, फरार एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़, इनामी अपराधियों पर कार्रवाई, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के मामलों, संपत्ति संबंधी अपराध, गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर शीघ्र न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाएं। गंभीर अपराधों में प्रभावी अनुसंधान एवं पुराने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, समंस एवं वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी बदमाशों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।एसपी प्रदीप शर्मा ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच तथा अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान करने, साइबर हेल्पलाइन को प्रभावी बनाने तथा जनजागरूकता अभियान तेज करने पर भी विशेष बल दिया गया।महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित विवेचना, पॉक्सो एवं महिला संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निराकरण तथा पीड़ित सहायता तंत्र को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।बैठक के अंत में एसपी प्रदीप शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण, समयबद्ध जनसुनवाई तथा शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।