फतेहगढ़ क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से महिला की संदिग्ध मौतदांत दर्द का इलाज कराने गई थी 22 वर्षीय विवाहिता, आरोपी डॉक्टर फरार

गुना जिले के फतेहगढ़ थानांतर्गत अंतर्गत ग्राम विरोली में एक झोलाछाप बंगाली डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से 22 वर्षीय एक विवाहिता की तड़प-तड़प कर संदिग्ध मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर मंगलवार को मृतिका के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम विरोली निवासी मांगी बाई गुर्जर (22) पत्नी चंदन सिंह गुर्जर को सोमवार शाम को अचानक दांत में तेज दर्द उठा था। इसके बाद परिजन उन्हें पास के ही ग्राम कुंवारी में प्रैक्टिस करने वाले एक झोलाछाप बंगाली डॉक्टर विमल सरकार के पास इलाज के लिए लेकर गए थे। मृतिका के परिजन निरंजन गुर्जर ने बताया कि डॉक्टर ने इलाज के दौरान मांगी बाई को दो इंजेक्शन लगाए, जिसमें पहला मुंह में और दूसरा हाथ में लगाया गया था। इंजेक्शन लगते ही महिला की हालत लगातार बिगडऩे लगी और वह तड़पने लगी।परिजनों ने जब महिला की स्थिति बिगड़ती देखी तो झोलाछाप डॉक्टर विमल सरकार, जो कि मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, ने चालाकी दिखाते हुए परिजनों से कहा कि वह राजस्थान में इलाज कराने के लिए गाड़ी लेने जा रहा है। लेकिन वह गाड़ी लेने के बहाने मौके से रफूचक्कर हो गया। इस दौरान उचित उपचार न मिलने के कारण महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। मृतिका विवाहिता थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों ने फतेहगढ़ थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। –