साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान 2.0 के तहत नगर पालिका एवं कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

शकील खान मनावर से 9755 4987 52 मनावर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मनावर एवं कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, मनावर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय एवं थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव द्वारा विद्यार्थियों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज करें।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों से स्वयं जागरूक रहने एवं अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।