बारिश बनी व्यवस्था की परीक्षा, मनावर में नगर पालिका हुई बेनकाब

शकील खान मनावर से 9755 498752*जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नाले के तेज बहाव में बहने लगी कार, किसानों की बढ़ी चिंता*मनावर (धार)। नगर सहित पूरे क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं नगर पालिका की व्यवस्थाओं की भी पोल खोलकर रख दी। बारिश शुरू होते ही कई वार्डों की नालियां और बड़े नाले उफान पर आ गए। समय पर सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा,

जिससे अनेक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।*मोहल्लों और गलियों में जल निकासी व्यवस्था ठप* नगर के कई मोहल्लों और गलियों में जल निकासी व्यवस्था ठप हो गई। गंदा पानी कई घरों में घुस गया, जिससे रहवासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि यदि बारिश से पहले नालियों और नालों की नियमित सफाई कराई जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।*तेज बहाव में बहने लगी कार, लोगों ने बचाई* वार्ड क्रमांक 11 बोहरा मस्जिद क्षेत्र में नाले का जलस्तर बढ़ने से वहां खड़ी तीन कारें पानी से घिर गईं। इनमें से सैफुद्दीन नजमी की कार तेज बहाव में बहने लगी।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नाले में उतरकर भारी मशक्कत के बाद कार को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि पानी इंजन तक पहुंच जाने से कार पूरी तरह बंद हो गई, जिसे बाद में क्रेन की सहायता से मरम्मत के लिए भेजा गया।*खेतों में भरा पानी, किसानों ने बनाई नालियां* बारिश का असर कृषि क्षेत्र में भी दिखाई दिया। जिन किसानों ने कपास, मक्का और सब्जियों की फसल लगाई है, उनके कई खेतों में पानी भर गया। जलभराव से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई। कई किसान खेतों में नालियां बनाकर पानी की निकासी करते नजर आए।*कच्ची सड़क पर फिसलन, हाट-बाजार भी प्रभावित* वार्ड क्रमांक-14 स्थित देवला रोड, दशहरा मैदान और मुक्तिधाम मार्ग की कच्ची सड़क पर खेतों से बहकर आई मिट्टी और पानी के कारण फिसलन की स्थिति बन गई। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी हुई। वहीं वार्ड क्रमांक_05 मेला मैदान में पानी भर जाने से शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक हाट, पशु एवं बकरा मंडी भी प्रभावित रही। व्यापारी और ग्रामीण पानी व कीचड़ के बीच ही अपने पशुओं के साथ खड़े दिखाई दिए, जिससे खरीद-बिक्री भी प्रभावित हुई।*नगरवासियों ने की स्थायी समाधान की मांग*

नगरवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नालियों और नालों की नियमित सफाई कराई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा न बने।*आकाशीय बिजली गिरने से नीम का पेड़ फटा* बालीपुर धाम स्थित अंबिका आश्रम के सामने तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वर्षों पुराना विशाल नीम का पेड़ बीच से फट गया। पेड़ का बड़ा हिस्सा पास स्थित लगभग दस वर्षों से बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय भवन पर गिर गया, जिससे भवन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय पेड़ के नीचे कोई श्रद्धालु या राहगीर मौजूद नहीं था। अंबिका आश्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है और बारिश के दौरान लोग अक्सर इसी पेड़ के नीचे रुकते हैं। समय रहते बड़ा हादसा टल गया।