सेजावाड़ा में पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलमेट बैंक से 200 हेलमेटों का वितरण कर नागरिकों को किया जागरूक

SJ न्यूज़ mp से आलीराजपुर जिला ब्यूरो मोहसिन मंसूरी की खबर।आलीराजपुर – जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति स्वैच्छिक अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में संचालित नवाचार अभियान “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” का जिलेभर में प्रभावी क्रियान्वयन सतत जारी है। इसी क्रम में आज चौकी सेजावाड़ा, थाना आजादनगर क्षेत्र में एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हेलमेट बैंक के माध्यम से जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को 200 हेलमेटों का निःशुल्क वितरण किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मृत्यु सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है। विभिन्न अध्ययनों के अनुसार दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में लगभग 60 प्रतिशत मामलों में सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु की संभावना रहती है, जबकि हेलमेट का उपयोग कर इन दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं गंभीर चोटों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि आमजन में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केवल दंडात्मक कार्यवाही से नागरिकों में स्थायी व्यवहार परिवर्तन नहीं लाया जा सकता, बल्कि जागरूकता, सहभागिता एवं सकारात्मक प्रेरणा के माध्यम से ही यातायात नियमों के पालन की स्वाभाविक प्रवृत्ति विकसित की जा सकती है। इसी सोच के साथ आलीराजपुर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हेलमेट बैंक स्थापित किए गए हैं, जहां सामाजिक सहयोग एवं जनभागीदारी से प्राप्त हेलमेटों का वितरण जरूरतमंद नागरिकों को किया जा रहा है।उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं तथा पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करना चाहिए। हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। प्रत्येक नागरिक का जीवन उसके परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत मूल्यवान है, इसलिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित नागरिकों को राहवीर योजना, साइबर अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नवीन तरीकों से सावधान रहने, किसी भी अज्ञात लिंक अथवा ओटीपी को साझा न करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने आलीराजपुर पुलिस द्वारा संचालित इस अभिनव एवं जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” अभियान पुलिस की संवेदनशील कार्यप्रणाली तथा जनसुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी।कार्यक्रम में उपस्थित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आजादनगर दीपिका पाटीदार द्वारा भी साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में भूतपूर्व विधायक श्री माधौसिंह डावर, जनपद अध्यक्ष श्री जगदीश गणावा, सेजावाड़ा एवं बरझर क्षेत्र के सरपंचगण, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट श्री रविन्द्र राठी, तहसीलदार आजादनगर श्री जितेन्द्रसिंह तोमर, चौकी प्रभारी बरझर उपनिरीक्षक शिवा तोमर, चौकी प्रभारी सेजावाड़ा सहायक उपनिरीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया सॉयबर सेल आलीराजपुर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, कोटवार एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।