घोघरी रैय्यतवाड़ी पंचायत को मिले टैंकरों का इस्तेमाल नहीं 2 पंचायत में सड़ रहे, 1 का पता नहीं

परासिया –मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की व्यवस्था के लिए पिछले कुछ सालों के दौरान काफी टैंकर दिए गए। जनपद पंचायत परासिया के अंतर्गत आने वाली पंचायत में किसी को 2 तो किसी को 3 टैंकर मिले हैं। लेकिन देखने में आ रहा है कि बहुत कम पंचायत ही टैंकर का इस्तेमाल कर रही है। अधिकांश पंचायतों ने उदासीनता एवं लापरवाही के कारण टैंकरों का इस्तेमाल ही नहीं किया है। टैंकर पंचायतों में सड़ रहे हैं। कुछ पंचायतों के बारे में यह भी कहां जा रहा है कि टैंकरों का आता पता ही नहीं है। जिसके कारण सरकार की राशि बेकार जा रही है और जनता को फायदा भी नहीं मिल रहा है।

गौर करने वाली बात है कि इस बार भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में शादी समारोह, धार्मिक कार्यक्रम, निर्माण कार्यों एवं अन्य कार्य के लिए बाहर से टैंकरों से पानी बुलाना पड़ रहा है। इस तारतम्य में पता चला है कि घोघरी रैयतवाड़ी पंचायत को पिछले वर्षों के दौरान 3 टैंकर मिले हैं। लेकिन ग्रामवासियों ने बताया कि टैंकरों का इस्तेमाल आज तक नहीं किया गया। जिसमें कि 2 टैंकर लंबे समय से पंचायत में खड़े सड़ रहे हैं। वही पर एक टैंकर कहां पर है, इसका कुछ पता नहीं है। इस मामले को लेकर सरपंच और सचिव जानकारी देने से बच रहे हैं। बार -बार फोन करने के बावजूद दोनों काल ही रिसीव नहीं कर रहें हैं।