योग सप्ताह के तहत सब जेल कसरावद में हुआ योगाभ्यास, बंदियों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश। रिपोर्टर नवीन रायली 15 से 21 जून तक चलेगा योग सप्ताह

कसरावद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश की सभी जेलों में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सब जेल कसरावद में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित योग सप्ताह का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ केंद्रीय जेल जबलपुर से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने किया। इस अवसर पर प्रदेश की सभी जेलें ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं और योग सप्ताह की औपचारिक शुरुआत हुई।योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सत्र में आयुष मंत्रालय के कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने बंदियों को नियमित योगाभ्यास के लाभ बताते हुए तनावमुक्त जीवन, मानसिक संतुलन तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है। ऐसे आयोजन बंदियों के पुनर्वास तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खरगोन की सचिव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। योग सप्ताह के दौरान 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जाएगा तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।कार्यक्रम में सब जेल कसरावद का स्टाफ एवं पेरालीगल वालंटियर देवदत्त एक्कल उपस्थित रहे।