अशोकनगर पुलिस द्वारा जिले के समस्त विवेचना अधिकारियों को सीसीटीएनएस ई-विवेचना अंतर्गत टैबलेट वितरित कर दिया गया प्रशिक्षण

’’ पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा जिले में पुलिस अनुसंधान कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से जिले के समस्त विवेचना अधिकारियों को सीसीटीएनएस ई-विवेचना अंतर्गत टैबलेट वितरित कर प्रशिक्षण दिया गया।* प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा, अति0 पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री अन्तर सिंह कनेश, जिले की सीसीटीएनएस टीम सहित विभिन्न थानों के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विवेचकों को ई-विवेचना, ई-साक्ष्य, ई-डार ऐप के विभिन्न फीचर्स, उपयोगिता एवं संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रकरणों के डिजिटल प्रबंधन, केस डायरी संधारण, दस्तावेजों के ऑनलाइन संकलन, घटनास्थल संबंधी जानकारी के अपलोडेशन तथा डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संग्रहण एवं प्रबंधन की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाया गया। प्रशिक्षण में अनुसंधान कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने हेतु आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विवेचकों को तकनीक आधारित अनुसंधान प्रणाली का अधिकतम उपयोग कर बेहतर एवं परिणाममूलक विवेचना सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अशोकनगर पुलिस द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने एवं अनुसंधान प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।