आगामी त्योहार मोहर्रम को देखते हुए शांति समिति की मीटिंग रखी गई

शकील खान मनावर से 9755 498752मनावर, निप्र। आगामी त्योहार मोहर्रम को शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से थाना प्रांगण में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, तहसीलदार विजय तलवारे, थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान, नगर पालिका एवं बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारी सहित मोहर्रम बनाने वाले संचालक जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों ने त्योहार को लेकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। पुलिस प्रशासन द्वारा मोहर्रम के जुलूस (तजिए) के मार्गों का निर्धारण, बिजली के तारों की ऊंचाई, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका और संबंधित विभागों कोआवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहाकि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट करने वालों पर सख्त नजर रखी जाएगी।

अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सभी नागरिकों से अपील है कि वे हर साल की तरह इस बार भी मोहर्रम का त्योहार शांति और सद्भाव से मनाएं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, और उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा।बैठक के अंत में उपस्थित दोनों समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि मनावर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है, और इस बार भी आगामी त्योहार को पूरी शांति और मिलजुल कर मनाया जाएगा।