छलके ग्रामीणों के आंसू, कंम्पेल चौकी प्रभारी सिसोदिया को दी भव्य विदाई

इंदौर/संजय मौर्य/खुड़ैल/जब एक पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्य के साथ-साथ जनता का दिल जीत लेता है, तो विदाई की घड़ियाँ इतिहास बन जाती हैं। ऐसा ही एक भावुक और ऐतिहासिक नजारा इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र के अंतर्गत, मां अहिल्याबाई होल्कर की पूर्व ऐतिहासिक राजधानी कंम्पेल में देखने को मिला। यहाँ पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह सिसोदिया के स्थानांतरण (ट्रांसफर) पर पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों की आँखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने नम आँखों और भव्य पुष्पमालाओं के साथ अपने चहेते अधिकारी को विदाई दी।*जनता के प्रति समर्पित रहा कार्यकाल*चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह सिसोदिया ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि अपनी कार्यशैली से आमजन में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास पैदा किया। यही कारण रहा कि विदाई समारोह के दौरान ग्रामीणों का स्नेह आंसुओं के रूप में छलक पड़ा। विदाई की इस बेला पर उपस्थित हर शख्स सिसोदिया जी के कार्यकाल और उनके मिलनसार व्यवहार की सराहना कर रहा था। आयोजन बेहद भव्य स्तर पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के समर्थक व वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम बोरवेल, चिमन दांगी सहित आसपास के क्षेत्रों के तमाम वरिष्ठ ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने श्री सिसोदिया को शॉल-श्रीफल और पुष्पहारों से लाद दिया। इस अवसर पर श्री सिसोदिया कहां है कि यह कंम्पेल क्षेत्र की जनता का असीम प्रेम और सहयोग है, जिसे मैं जीवनभर नहीं भूल पाऊंगा। ड्यूटी के दौरान मुझे जो जनसहयोग मिला, उसी की बदौलत मैं अपना फर्ज निभा पाया।*नए चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह तोमर का हुआ स्वागत*इस विदाई सह-स्वागत समारोह में, मांगलिया से स्थानांतरित होकर आए नए पुलिस चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह तोमर का भी ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि श्री तोमर भी शांति, सुरक्षा और जनसंवाद की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।