गुना न्यू रॉयल यादव कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी

शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू रॉयल यादव कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने केंट थानांतर्गत इस सूने घर में सेंधमारी कर गृहस्थी के कीमती सामान सहित चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। इस बारे में मकान मालिक राजेश रघुवंशी ने बताया कि घटना के समय माता-पिता बद्रीनाथ की धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर को सूना पाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने इत्मीनान से बारी-बारी से सभी कमरों के ताले चटकाए और अलमारी आदि को तोडक़र एक-एक सामान को खंगाला। इस दौरान चोर घर से एक भरा हुआ तथा एक खाली गैस सिलेंडर, एक बड़ी एलईडी टीवी, चांदी के पायल-बिछूड़ी और करीब 5 हजार रुपए नकद सहित अन्य कीमती सामान समेट ले गए। वारदात का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे हुए देखे और तुरंत इसकी सूचना पीड़ितों को दी। सूचना मिलते ही परिजन आनंद-फानन में गांव से गुना पहुंचे, जहां घर के भीतर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ितों की सूचना पर कैंट थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।