जलझूलनी ग्यारस पर धुंधड़का में निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों ने मोहा लोगों का मन

धुंधड़का। जलझूलनी ग्यारस के पावन पर्व पर धुंधड़का गांव में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पर्व के अवसर पर गांव में विभिन्न समाजों द्वारा आकर्षक झांकियां सजाकर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया।जलझूलनी ग्यारस के अवसर पर विभिन्न समाजों द्वारा प्रस्तुत की गई झांकियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। झांकियों का मूल्यांकन करने के बाद धाकड़ समाज की झांकी को प्रथम स्थान, माली समाज की झांकी को द्वितीय स्थान तथा रविदास समाज की झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। झांकियों में समाजजनों द्वारा की गई आकर्षक सजावट और धार्मिक प्रस्तुतियों को ग्रामीणों ने खूब सराहा।कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से उत्कृष्ट झांकी प्रस्तुत करने वाले समाजों को सम्मानित किया गया।

ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा विजेता समाजों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाजजनों में भी उत्साह देखने को मिला।शोभायात्रा के समापन के बाद भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने भगवान के भक्ति गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। भजन संध्या में मौजूद श्रोताओं का मन भजनों ने मोह लिया और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।जलझूलनी ग्यारस के इस आयोजन में गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।न्यूज रिपोर्ट / माणक लाल प्रजापत