आदिवासी अंचल की बेटी ने रचा कीर्तिमान किसान की लाड़ली बनी राजपत्रित अधिकारी सांसद बंटी साहू ने किया गौरवमयी सम्मान

छिंदवाड़ा से बुद्धनाथ चौहान की खबर अमरवाड़ा/छिंदवाड़ा 21 सितंबर 2026 – मिट्टी की सोंधी खुशबू से निकली प्रतिभा ने जब अपने हौसलों को पंख दिए तो सफलता ने नया कीर्तिमान रच दिया। अमरवाड़ा विधानसभा के ग्राम रिछेड़ा की गौरवशाली बेटी आशा नर्रे ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की कठिनतम परीक्षा में सफलता अर्जित कर राजपत्रित अधिकारी के पद पर चयनित होकर न केवल अपने किसान पिता संतलाल नर्रे का मान बढ़ाया है,बल्कि पूरे आदिवासी समाज और छिंदवाड़ा जिले को प्रदेश में गौरवान्वित किया है। आदिवासी किसान की सुपुत्री आशा का चयन मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग में सहायक कुल सचिव के प्रतिष्ठित राजपत्रित पद पर हुआ है। बेटी की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने रविवार शाम को सांसद कार्यालय में पिता-पुत्री को ससम्मान आमंत्रित कर शॉल-श्रीफल, पुष्पमाला से आत्मीय सम्मान किया और मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य एवं निरंतर प्रगति का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने कहा कि सुदूर आदिवासी अंचल के छोटे से गांव से निकलकर अभावों के बीच कठोर परिश्रम कर एक किसान की बेटी का राज्य सेवा में राजपत्रित अधिकारी बनना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। वहीं योगी नाथ महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री बुद्धनाथ विक्की चौहान ने भी बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आशा नर्रे ने आदिवासी समाज की बेटियों के लिए एक नया मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने बेटी के उज्जवल भविष्य उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना करते हुए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस गौरवमयी क्षण पर युवा नेता सचिन सूर्यवंशी संजू चंद्रभूषण सूर्यवंशी आकाश सूर्यवंशी महेंद्र मालवी चेतुलाल मालवी सहित बड़ी संख्या में परिवारजन उपस्थित रहे।