तेज रफ्तार आयसर ने धनिया से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, गुना मंडी जा रहा किसान घायल

जिले के म्याना थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार की अल सुबह एक तेज रफ्तार आयसर वाहन ने कृषि उपज बेचने जा रहे किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इस सडक़ हादसे में एक किसान घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बांसखेड़ी (म्याना) निवासी किसान प्रकाश रघुवंशी अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में धनिया की फसल लादकर बेचने के लिए गुना मंडी जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही उनका ट्रैक्टर म्याना स्थित साक्षी कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी बीच सडक़ पर एक तेज रफ्तार आयसर गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में किसान प्रकाश रघुवंशी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल किसान को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।।