अमरपाटन के गोरसरी बीट रामनगर में विचरण कर रहे जंगली हाथी E5/C4 को ट्रैक्विलाइजेसन कर बांधवगढ टाईगर रिजर्व उमरिया ले जाया जाएगा

*मैहर, 16 सितंबर। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक डॉ. श्रीमती समीता रजौरा की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से एलीफेंट एडवाइजरी कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें विषय विशेषज्ञों के साथ वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वनमण्डल मैहर के परिक्षेत्र अमरपाटन में विचरण कर रहे नर हाथी E-5 के एनिमल विहैवियर की समुचित समीक्षा की गयी एवं विगत 10 दिनों से किये जा रहे गहन अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के परिणामों का विश्लेषण किया गया क्षेत्र की संवेदनशील परिस्थितियों पर विचार किया गया। मानव वन्यप्राणी द्वंद की स्थिति को समाप्त करने के लिये उक्त नर हाथी को ट्रैंकुलाइज कर बांधवगढ टाईगर रिजर्व उमरिया ले जाने का निर्णय लिया गया। समुचित वैज्ञानिक प्रबंधन अंतर्गत स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन करते हुए उक्त हाथी का ट्रांसलोकेशन बांधवगढ टाईगर रिजर्व में किया जाएगा। उक्त कार्य के लिए बुधवार को 02 और हाथी गोरसरी कैंप में ज्वाइन करेंगे इस प्रकार कुल 04 हाथियों के माध्यम से विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में नियमानुसार उक्त रेस्क्यू ऑपरेशन तत्काल किया जाएगा। आगामी 02-03 दिन मे हाथी का सफल रेस्क्यू किया जाएगा ,इसके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी तैयारी की जा रही है। शीघ्र ही उक्त हाथी बांधवगढ टाईगर रिजर्व स्थानांतरित किया जाएगा। इस अवधि में आम जनमानस, जन प्रतिनिधियों, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया एवं समस्त प्रशासनिक अमले से अनुरोध है कि हाथी विचरण क्षेत्र में न्यूनतम सुरक्षात्मक दूरी एवं ग्रामीणों को पक्के भवन यथा पंचायत भवन/सामुदायिक भवन में स्थानांतरित करने एवं कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए सक्रिय एवं त्वरित सहयोग की आवश्यकता है ताकि हाथी के द्वारा किसी भी प्रकार की जानहानि की पुर्नावृत्ति न हो। अतः फ्रंट लाईन अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें कि हाथी विचरण क्षेत्र में उपस्थित रहकर आवश्यक सहयोग एवं समन्वय करें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। फसल हानि होने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र के अनुसार क्षतिपूर्ति की जाएगी। विद्युत विभाग से अनुरोध है कि विचरण अवधि में विचरण क्षेत्र पर विद्युत का प्रवाह आवश्यकतानुसार बाधित रखें ताकि इलेक्ट्रोक्यूशन की न हो।