शिकार करने जंगल पहुंचे थे चार आरोपी, शिकारियों के पास वन्य प्राणी सांभर का 7 किलो मांस और 3 बंदूकें मिलीं

नरेन्द्र राय रायसेन रायसेन। सीहोरा बीट में वन्यप्राणी के शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से प्रथम दृष्टया सांभर का कच्चा मांस 6 किलो और पका हुआ मांस 1 किलो, तीन बंदूकें, 21 जिंदा कारतूस सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वन विभाग के अनुसार शिकार की सूचना मिलने पर वन मंडल अधिकारी सामान्य रायसेन प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन और उप वनमंडलाधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला के निर्देशन में टीम को सीहोरा बीट रवाना किया गया। कार्रवाई वन परिक्षेत्र पश्चिम रायसेन के रेंजर रविकांत अमृते के नेतृत्व में की गई।आरोपियों के पास मिला यह सामान….वन विभाग की टीम ने मौके से बन्ने खान निवासी इमलिया, यूसुफ़ पिता यासीन खान निवासी इमलिया, राकेश पिता हरि सिंह बंजारा निवासी छातई और विशाल पिता हरिनारायण जाटव निवासी सीहोरा को पकड़ा। इनके पास से सांभर का कच्चा मांस 6 किलो, पका मांस 1 किलो, तीन बंदूकें, 21 जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस जब्त किए गए।इसके अलावा तीन टॉर्च, मांस काटने में प्रयुक्त होने वाले तीन बके, एक तलवार, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल भी जब्त किए गए। वन विभाग ने 23 मीटर लंबाई का तीतर पकड़ने का पिंजरा और मांस काटने में उपयोग किया गया लकड़ी का टुकड़ा भी जब्त किया है।वन अपराध प्रकरण दर्ज, जांच शुरू…वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 47340/21, दिनांक 6 सितंबर 2026 पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया है। विभाग द्वारा जब्त मांस और हथियारों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।कार्रवाई में उप वनमंडलाधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला, रेंजर रविकांत अमृते, उप वनक्षेत्रपाल सर्जन सिंह मीणा, वनपाल प्रीतम सिंह जाटव, सतीश श्रीवास्तव, लक्ष्मण सिंह यादव सहित पश्चिम और पूर्व रायसेन परिक्षेत्र के वन स्टाफ का योगदान रहा।