शिक्षिका से छेड़छाड़ :शिक्षक दिवस पर शिक्षिका से छेड़छाड़, छात्र ने बचाया,कंप्यूटर सेंटर पर अकेली थीं 23 वर्षीय शिक्षिका, आरोपी ने पीछे से घुसकर पकड़ा; विरोध करने पर छात्र से भी मारपीट, आरोपी मनचला आधे घंटे में गिरफ्तार
नरेन्द्र राय रायसेन रायसेन/बेगमगंज।

शिक्षक दिवस पर बेगमगंज में एक शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दीनदयाल कॉलोनी स्थित कंप्यूटर सेंटर पर सुबह करीब 9 बजे 23 वर्षीय शिक्षिका अकेली थीं। इसी दौरान एक युवक ने पीछे से अंदर घुसकर उन्हें बुरी नीयत से पकड़ लिया और उससे अश्लीलता करने लगा। शिक्षिका की चीख-पुकार सुनकर सेंटर पर पढ़ने आया छात्र मौके पर पहुंचा और आरोपी के चंगुल से उन्हें छुड़ाया। विरोध करने पर आरोपी ने शिक्षिका और छात्र से मारपीट की और भाग निकला। बेगमगंज थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर करीब आधे घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।चाबी लेकर सेंटर खोलने पहुंची थीं शिक्षिका….एसडीओपी सोनाली गुप्ता टीआई बेगमगंज राजीव उईके ने बताया कि दीनदयाल कॉलोनी के पटवा भवन में अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय से संबद्ध कंप्यूटर सेंटर संचालित होता है। सेंटर का संचालन अनिल यादव और रघुराज सिंह करते हैं। शिक्षिका पिछले तीन साल से यहां कंप्यूटर पढ़ा रही हैं। सेंटर की चाबी उनके पास रहती है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह सेंटर खोलने पहुंची थीं।शिक्षिका ताला खोलकर गैलरी में पहुंची ही थीं कि 27 वर्षीय आकाश कुशवाहा पिता अशोक कुशवाहा, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, पीछे से अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने शिक्षिका को बुरी नीयत से पकड़ लिया और अश्लीलता करने लगा। अचानक हुई घटना से घबराई शिक्षिका ने बचाव के लिए शोर मचाया।छात्र ने विरोध कर छुड़ाया, आरोपी ने की मारपीट…

.शोरशराबा सुनकर कंप्यूटर सेंटर पर कंप्यूटर कोर्स करने वाला 25 वर्षीय छात्र राज ठाकुर मौके पर पहुंचा। उसने आरोपी का विरोध किया और शिक्षिका को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसी दौरान आरोपी ने शिक्षिका और छात्र के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई की है।