मंदसौर में अनोखा प्रदर्शन, सड़क के गड्ढों को दी श्रद्धांजलि

माणक् लाल प्रजापत * मंदसौर। शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मुक्तिधाम बड़ी पुलिया पर लंबे समय से बने बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने गड्ढों को श्रद्धांजलि देकर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान सड़क की दुर्दशा की ओर आकर्षित किया।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि मुक्तिधाम बड़ी पुलिया क्षेत्र में सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बना हुआ है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।प्रदर्शनकारियों ने व्यंग्यात्मक तरीके से गड्ढों को श्रद्धांजलि देकर जिम्मेदार विभाग के प्रति अपना आक्रोश जताया। उनका कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित किए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की कि मुक्तिधाम बड़ी पुलिया की सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके। अब देखना यह है कि इस अनोखे प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार अधिकारी सड़क की सुध लेते हैं या नहीं।