शिक्षा के जादुई पिटारे से नौनिहालों के भविष्य की होगी तैयारी,प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र के 8 सर्वाधिक नामांकन वाले स्कूलों में भेजे गए बॉक्स

नरेन्द्र राय/ शिक्षा के जादुई पिटारे से नौनिहालों के भविष्य की होगी तैयारी,प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र के 8 सर्वाधिक नामांकन वाले स्कूलों में भेजे गए बॉक्स, खेल-खिलौनों से लेकर कहानी और चित्रकला की सामग्री शामिलरायसेन। नई शिक्षा नीति के तहत अब नौनिहालों के भविष्य की तैयारी किताबों के साथ खेल-खेल में सीखने से भी होगी। इसके लिए प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र के सबसे अधिक नामांकन वाले आठ स्कूलों में ‘जादुई पिटारा’ भेजे जा रहे हैं। इन पिटारों का उद्देश्य बच्चों के समय का सदुपयोग कराने के साथ उनकी रुचि और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जादुई पिटारे में कक्षा पहली से तीसरी तक के बच्चों के लिए उपयोगी सामग्री रखी गई है। इसमें खिलौने, कठपुतलियां, दिलचस्प कहानियां, मातृभाषा में उपलब्ध कार्ड, खेल और चित्रकला से जुड़ी सामग्री शामिल हैं। इनके माध्यम से बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के साथ नई गतिविधियों से सीखने का अवसर मिलेगा।बच्चों में पढ़ाई के प्रति बढ़ेगी दिलचस्पी…जादुई पिटारा ‘फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी’ यानी बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने में मददगार होगा। गतिविधियों के जरिए बच्चों को सीखने का मौका मिलेगा, जिससे पढ़ाई उनके लिए बोझ के बजाय रुचिकर अनुभव बनेगी। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी डीडी रजक का मानना है कि खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।अधिकारियों को सत्यापन की जिम्मेदारी….स्कूलों में जादुई पिटारा पहुंचने के बाद इसका सही तरीके से उपयोग हो रहा है या नहीं, इसका सत्यापन भी किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी जनशिक्षा केंद्र, बीआरसी और जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों को दी गई है। अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण कर पिटारे के उपयोग की जानकारी लेंगे और शिक्षकों को भी बच्चों के साथ इसका प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र के प्रभारी अधिकारी विनय दीक्षित सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य शुरुआती कक्षाओं के बच्चों में सीखने की रुचि पैदा करना और उनकी बुनियादी शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना है। आने वाले समय में इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार की उम्मीद है।