बजरंग दल के नेतृत्व में गुना में निकली विशाल अखंड भारत वाहन रैली

गुना। अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल, जिला गुना के तत्वावधान में शहर में विशाल वाहन रैली निकाली गई। बजरंग दल जिला संयोजक ब्रजेश प्रजापति के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। भगवा ध्वजों से सजे वाहनों के साथ निकली रैली में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत बूढ़े बालाजी मैदान से हुई। यहां भारत माता की आरती के पश्चात मुख्य वक्ता विभाग संगठन मंत्री वीर सिंह योगी की उपस्थिति में वाहन रैली को रवाना किया गया। कार्यकर्ताओं ने अखंड भारत के संकल्प और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से रैली निकाली। रैली बूढ़े बालाजी मैदान से प्रारंभ होकर श्री बूढ़े बालाजी मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, ख्वादा चौराहा, भगत सिंह चौक, मानस भवन, जयस्तम्भ चौराहा, सदर बाजार, हाट रोड, श्री हनुमान चौराहा, श्री झंडा चौराहा एवं गायत्री मंदिर होते हुए संजय स्टेडियम के पास पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली के दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों पर कार्यकर्ता भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा और जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजा श्रीवास्तव, रिंकू जी ओझा एवं अक्षत शुक्ल ने संयोजक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ व्यवस्थाओं एवं आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण ओझा, जिला मंत्री राकेश शर्मा, जिला सह मंत्री रामप्रसाद शर्मा, राजेंद्र कुशवाह, जिला मीडिया प्रभारी दीपक गौड़, जिला सह संयोजक गौरव कुशवाह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और समाज के लोगों को राष्ट्रहित में एकजुट रहने का आह्वान किया गया। रैली के सफल आयोजन के लिए विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल, जिला गुना ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।