शासकीय हिंदी मराठी प्राथमिक स्कूल सिंधीपुरा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालबाग में सृजन संवाद अभियान के तहत विद्यार्थियों को पुलिस कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा एवं बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

सूरज दहे/ मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय तथा UNFPA के तकनीकी सहयोग से संचालित “सृजन संवाद अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन एवंअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में शासकीय हिंदी मराठी प्राथमिक स्कूल सिंधीपुरा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालबाग में सृजन संवाद अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के तहत थाना प्रभारी महिला निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल ने शासकीय हिंदी मराठी प्राथमिक स्कूल सिंधीपुरा में सृजन संवाद अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को बालक एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित कानूनों तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करना, ओटीपी, बैंक खाता,

एटीएम एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगी एवं अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी प्रदान की गई।विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा विभिन्न जिज्ञासाओं के संबंध में प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में शांति, सुरक्षा एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।सृजन संवाद अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, सुरक्षा-बोध, जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास और संवाद को सुदृढ़ करना है। बुरहानपुर पुलिस द्वारा अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।