एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी गठित, छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग
नरेन्द्र राय रायसेन

रायसेन। युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह सोलंकी के नेतृत्व में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय रघुवंशी एवं संगठन मंत्री राजकुमार मीणा ने रायसेन एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी गठित की। जिला युवक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत कर की घोषणा की गई।कार्यकारिणी में साद अली को एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष, अंशुल उपाध्याय को ब्लॉक अध्यक्ष, संजू काकोड़िया को नगर अध्यक्ष, ऋषभ मालवीय को ब्लॉक उपाध्यक्ष और राजेंद्र मेहरा को स्वामी विवेकानंद कॉलेज अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

नियुक्तियों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों के काफिलों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होकर रैली निकाली और पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आगामी छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की गई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव सीधे मतदान के माध्यम से कर सकें। इसके लिए प्रत्यक्ष चुनाव व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से नहीं कराए गए तो एनएसयूआई और युवक कांग्रेस संयुक्त रूप से आंदोलन करेंगे। इसके तहत कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।