आदिवासी समाज ने लामबंद होकर सौंपा ज्ञापन, वन अधिकारियों की जांच की मांगकार्रवाई नहीं हुई तो धरना, चक्काजाम और उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
नरेन्द्र राय रायसेन

रायसेन/सिलवानी। तहसील सिलवानी क्षेत्र के समस्त आदिवासी समाज सिलवानी के बैनर तले बड़ी संख्या में समाजजन तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, एसपी और प्रधान मुख्य वन संरक्षक सहित अन्य अधिकारियों के नाम नायब तहसीलदार गौरव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में वन परिक्षेत्र पश्चिम सिलवानी में पदस्थ अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष विभागीय जांच कराने, उनकी चल-अचल संपत्ति की स्वतंत्र जांच और पूर्व में सामने आए काले हिरण शिकार प्रकरण की संभाग स्तरीय समिति से दोबारा जांच कराने की मांग की गई। समाजजनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना, चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।वन रेंजर और वनरक्षक के खिलाफ जांच की मांग….ज्ञापन में वन परिक्षेत्र पश्चिम सिलवानी में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी महेंद्र पालेचा और वनरक्षक जुबेर खान को लेकर विभिन्न आरोप लगाए गए हैं। आदिवासी समाज ने दोनों के कार्यकाल के दौरान हुई गतिविधियों और चल-अचल संपत्ति की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही पूर्व में सामने आए काले हिरण शिकार प्रकरण की संभाग स्तरीय जांच समिति गठित कर पुन: जांच कराने की मांग रखी गई।

हेमंत से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग….ज्ञापन में 16 जुलाई 2026 को आदिवासी युवक हेमंत के साथ हुई कथित दुर्घटना और मारपीट के मामले को भी प्रमुखता से उठाया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि वन विभाग के वनरक्षक जुबेर खान के शासकीय वाहन से युवक को टक्कर लगी और इसके बाद उसे उचित उपचार नहीं मिल सका। आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों का यह भी आरोप है कि मामले में पीड़ित के खिलाफ कार्रवाई की गई। समाज ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।बोले समाजजन- अत्याचार और शोषण बर्दाश्त नहीं….राजा कुंवर धर्मवीर सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज के साथ अत्याचार और शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक आंदोलन करेगा। बाबा नीलमणि शाह ने कहा कि आदिवासी युवक से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाए उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।जयस ने लगाया संरक्षण देने का आरोप….जयस जिला अध्यक्ष विजय तेकाम ने आरोप लगाया कि डीएफओ प्रतिभा शुक्ला के संरक्षण के चलते अधीनस्थ कर्मचारियों के खिलाफ की गई शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने वन विभाग में आदिवासियों के शोषण से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आदिवासी समाज धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम करेगा।ये रहे मौजूद….ज्ञापन सौंपने के दौरान सिलवानी विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, राजा धर्मवीर सिंह, बाबा नीलमणि शाह, जनपद सदस्य राकेश आदिवासी, धर्मदास इमने, जयस जिला अध्यक्ष विजय तेकाम, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर, बद्री विश्वकर्मा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा, हरीलाल मसकोले, कैलाश आदिवासी, मनोज शुक्ला, परमलाल आदिवासी, विश्राम आदिवासी, मंजू मरावी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।