ग्रासिम इंडस्ट्रीज के मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच का हस्ताक्षर अभियान, गांव-गांव से मिल रहा अपार समर्थन

उज्जैन के नागदा सेबड़ी खबर | नागदा। भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में ग्रासिम इंडस्ट्रीज से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को गांव-गांव से किसानों, युवाओं और ग्रामीणों का लगातार समर्थन मिल रहा है। अभियान के माध्यम से प्रदूषण प्रभावित गांवों के अधिकार, CSR निधि में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता तथा स्थानीय विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।भारतीय किसान यूनियन मंच के प्रदेश अध्यक्ष कवि देव सिंह गुर्जर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को लेकर युवाओं और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण आगे आकर हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन कर रहे हैं।अभियान के तहत प्रमुख मांगों में प्रदूषण प्रभावित गांवों को न्याय, CSR निधि के उपयोग का सार्वजनिक लेखा-जोखा, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्थानीय विकास कार्यों को प्राथमिकता तथा प्रदूषण की निष्पक्ष जांच कर प्रभावित परिवारों को उचित राहत दिए जाने की मांग शामिल है।

अभियान में अखिल भारतीय बलाई महासंघ के प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश परमार नागराज भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।कवि देव सिंह गुर्जर ने बताया कि ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के विकास और प्रभावित परिवारों के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन एवं संबंधित औद्योगिक प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।अभियान आयोजकों के अनुसार, हजारों प्रभावित परिवारों और किसानों की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान को आने वाले दिनों में गांव-गांव तक ले जाया जाएगा।ग्रामीणों, किसानों और युवाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए अभियान के और व्यापक होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजकों का कहना है कि गांव-गांव से मिल रहा जनसमर्थन इस अभियान को लगातार मजबूती प्रदान कर रहा है।