ब्लॉक स्तरीय श्रद्धांजलि एवं पुण्य स्मरण कार्यक्रम

जिला ब्यूरो अलीराजपुर से महेश गणावा की खबर मो =9179189851 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आदिवासी जननायक स्व. परथी दादा जी की 30वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर आज दिनांक 08 अगस्त 2026 को भाबरा ब्लॉक स्तरीय श्रद्धांजलि एवं पुण्य स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत भाबरा तहसील के समीप स्थित त्रिमूर्ति स्थल पर भाबरा ब्लॉक के जनपद अध्यक्ष एवं ब्लॉक के समस्त सरपंचगण द्वारा पहुंचकर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी, आदिवासी जननायक टंट्या मामा एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आदिवासी जननायक स्व. परथी दादा जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इसके पश्चात ग्राम रिंगोल, मालमसूरी फलिया में भी स्व. परथी दादा जी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रिंगोल सरपंच श्री महेश भूरिया, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, परथी दादा जी के परिवारजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सभी ने परथी दादा जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दीप एवं मोमबत्ती प्रज्वलित कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर सरपंच श्री महेश भूरिया, शिक्षकगण एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री संजय बामनिया ने परथी दादा जी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, त्याग, संघर्ष, सेवा, संस्कार एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला तथा उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज एवं क्षेत्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान परथी दादा जी के परिवारजनों एवं ग्रामीणजनों द्वारा देशभक्ति के जयघोष लगाए गए— परथी दादा अमर रहें!अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जय!महात्मा गांधी की जय!बाबा साहेब अमर रहें!इन जयघोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं श्रद्धा से गूंज उठा।परथी दादा जी के त्याग, साहस, राष्ट्रप्रेम, सेवा एवं समाज के प्रति समर्पण से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहे। उनके आदर्शों एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आदिवासी जननायक स्व. परथी दादा जी को शत्-शत् नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि। परथी दादा जी अमर रहें!महानायकों के आदर्श सदैव हमारी प्रेरणा बने रहें।जय आदिवासी | जय जोहार | भारत माता की जय