छिंदवाड़ा के विक्रम टांडेकर ने फिल्मी दुनिया में बढ़ाया मान डेब्यू फिल्म ‘बंगाल 1947’के लिए मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

छिंदवाड़ा जिले के गांव पटपड़ा के होनहार अभिनेता विक्रम टांडेकर ने अपनी पहली ही फिल्म से अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। न्यूयॉर्क में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वतंत्र फिल्म समारोह में उनकी डेब्यू फिल्म बंगाल 1947 को कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए। फिल्म में ‘खोगेन मंडल’ का सशक्त किरदार निभाने वाले विक्रम टांडेकर को _श्रेष्ठ सहायक अभिनेता_ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामाको श्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान मिला। समारोह में फिल्म को श्रेष्ठ फिल्म सहित कई श्रेणियों में नामांकन भी प्राप्त हुआ। न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित सिनेमा हॉल में हुई प्रदर्शनी में फिल्म ने विदेशी दर्शकों का दिल जीत लिया।

विक्रम टांडेकर ने कहा,पटपड़ा जैसे छोटे गांव से निकलकर पहली फिल्म के लिए न्यूयॉर्क में सम्मान मिलना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। यह मेरे माता-पिता, गुरुजनों और निर्देशक आकाशादित्य लामा जी के आशीर्वाद का फल है।उन्होंने आगे कहा आकाशादित्य सर ने मुझ पर भरोसा कर ‘खोगेन मंडल’जैसा किरदार दिया। उनके मार्गदर्शन में काम करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा अनुभव रहा। अंतरराष्ट्रीय सफलता के साथ विक्रम टांडेकर अब फिल्म दुल्हनिया ले आएगी’ में भी नजर आ रहे हैं। यह फिल्म पूरे देश में सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। इसमें उन्होंने हास्य शैली में एकदम अलग किरदार निभाया है जिसे दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। गांव से निकलकर विश्व मंच तक पहुंचना विक्रम टांडेकर के संघर्ष,लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि छिंदवाड़ा के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और यह सिद्ध करेगी कि मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। पूरे जिले को विक्रम टांडेकर पर गर्व है।