कसरावद की पैरामाउंट एकेडमी में आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव को लेकर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया

। रिपोर्टर नवीन रायली कसरावद, 7 अगस्त 2026। श्री निमाड़ पाटीदार एजुकेशन सोसायटी कसरावद द्वारा संचालित स्थानीय सीबीएसई विद्यालय पैरामाउंट एकेडमी कसरावद में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा एवं विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री शुभम जैन ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों को प्रायोगिक रूप से समझाया।श्री शुभम जैन ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदा या दुर्घटना के समय घबराने के बजाय संयम, सतर्कता और सूझबूझ से कार्य करना चाहिए। उन्होंने आग लगने, शॉर्ट सर्किट तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी देते हुए उसका प्रेक्टिकल प्रदर्शन भी किया गया।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ आपात स्थिति में आसपास मौजूद अन्य लोगों की सहायता करने के महत्वपूर्ण तरीकों को भी समझा।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।प्राचार्य डॉ अखिलेश पाटीदार ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा का व्यावहारिक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। केवल पुस्तकीय जानकारी के बजाय इस प्रकार के प्रायोगिक प्रशिक्षण से विद्यार्थी वास्तविक परिस्थितियों का सामना करने के लिए अधिक सक्षम बनते हैं।पैरामाउंट एकेडमी कसरावद की ओर से श्री नारायण पटेल ने विशेष आभार व्यक्त किया गया । उन्होंने अपना समय देकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण, उपयोगी एवं जीवनोपयोगी जानकारी प्रदान की। विद्यालय ने उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।